Monday, November 28, 2022

 संवाद 


संवाद संबंधों को 

बनाने का औजार होते हैं 

जीवन को सुखमय 

बनाने का आधार होते हैं  | 


सुखद संवाद ऊर्जा और

रस से भरपूर होते हैं 

संवादहीन सम्बन्ध जैसे 

मृत, निष्क्रिय से रहते हैं  | 


जब आप संवाद 

बंद कर देते हैं 

तो अपने बहुमूल्य 

संबंधों को खो देते हैं  | 


संवादहीन जीवन 

भी क्या जीवन है 

अंतहीन सन्नाटे में 

लम्बी अँधेरी रात है  | 


संवाद ही है एक सेतु 

संबंधों को बनाने, बढ़ाने

और उसे गहराने का 

मधुर से मधुतर बनाने का  | 


संवादहीनता एक शून्य 

बड़ा नहीं होने देंगे 

भर देंगे अपनी बातों से 

उदास नहीं होने देंगे  | 


संकल्प आज हम लेते हैं 

निकलेगी बातों से बात 

तुम जो कुछ भी बोलोगे 

हम भी बोलेंगे साथ - साथ  | 

             *******


 


Tuesday, November 22, 2022

 

ख्वाहिशें 


ख्वाहिशों का मोहल्ला

बहुत बड़ा होता है 

बेहतर है, मुड़ जाएँ  हम 

जरूरतों की गली में  | 


जरूरतों की गली  

के उस छोर पर 

कहीं मिल न जाए 

कोई खोई सी ख्वाहिश 

इन्तजार में  | 


जरूरतों की डोर 

तो है अपने हाथ 

कभी थोड़ी सी ढील 

कभी कसाव जरा सा  | 


ख्वाहिशें हैं इक 

ख्वाब खूबसूरत सा 

गर हो जाए मुकम्मल 

लगे सारा जहाँ अपना सा  | 


ख्वाहिशों को भी 

है हक़ कि नजरों में आए 

ना कि दफ़न हो जाए 

किसी के दरिया ए दिल में  |


ख्वाहिशें भी 

बेहद जरुरी हैं

गर ये न हो हमसफ़र 

तो जिंदगी अधूरी है  |  


ए हुजूर,

यूं मुँह न मोड़िए 

इन ख्वाहिशों से 

ये तो अपना ही साया है 

इनसे नाता तो जोड़िए  | 

        *****